Friday, 10 May 2013

आई गरमी की छुट्टी      (18)
------------------------

रोज-रोज स्कूल पढ़ाई बस्ते से कुट्टी,बस्ते से कुट्टी,
झूमो भाई अब है आई, गरमी की छुट्टी,

आइसक्रीम तरबूज आम खरबूजे में है दम,
लस्सी मट्ठा ठंड़ाई जलजीरे का मौसम,
झर झर झर झर झरने बहते, ठंड़ा ठंड़ा जल, 
दूर पहाड़ों के ऊपर भी जा सकते हैं हम,

इक पल भूलें हमें पिलाई जो सर ने घुट्टी,जो सर ने घुट्टी,
झूमो भाई अब हैं आई गर्मी की छुट्टी

अब ना हमको रोकेगा कोई मनमानी से,
अपने मन की कर पाएंगे,अब आसानी से,
टी वी नाटक देखें खेलें, साथ दोस्तों के,
सुनें कहानी नई पुरानी, नाना नानी से,

गेंदतड़ी लंगड़ी सतोलिया या गुट्टा गुट्टी,या गुट्टा गुट्टी,
झूमो भाई अब हैं आई गरमी की छुट्टी,

अवसर का उपयोग करें हम नये जहाँ दीखें,
गायन वादन नृत्य, कलाएं नई नई सीखें,
नानी के घर जाएं मनाएं छुट्टी गाँव में,
नदी नहाएं तैरें कूदें घूमें नाव में,

पिछले हफ्ते ही तो आई नानी की चिट्ठी,नानी की चिट्ठी,
झूमो भाई अब है आई, गरमी की छुट्टी, झूमो.

No comments: